Neutral Journalism

बेरोजगारी, गरीबी और महंगाई चाहिए तो आप मोदी जी को चुनिए : तेजस्वी यादव

लोकसभा चुनाव का तीसरा चरण 7 मई को होना है। सभी पार्टियां अपने पक्ष में जनता के बीच वोट अपील करने में लगी है। इस बीच मधेपुरा में प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का आना हुआ। मंच से आम सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि मैं साफ-साफ स्वयं की बात करने आया हूँ, मैं मोदी जी की नहीं। मुद्दे और काम की बात करने आया हूँ। बेरोजगारी, गरीबी और महंगाई चाहिए तो आप मोदी जी को चुनिए अगर नौकरी, रोजगार, शिक्षा और चिकित्सा चाहिए तो लालटेन जलाईये। एक भी ऐसा काम बताएं जो मोदी जी ने इस क्षेत्र के लिए किया हो। हमारे चाचा पलट गए, BJP वालों ने उनको हाईजैक कर लिया। इन 17 महीने में हमने 5 लाख लोगों को नौकरियां दी। अभी भी 3 लाख नौकरियों की प्रक्रिया अधीन है। मैं चाहूंगा कि जल्द से जल्द उन पर काम किया जाए और बहाली का घोषणा करें। हमलोगों ने जातीय गणना, आरक्षण, आशा दिदियाँ, विकास मित्र और टोला सेवकों को उनका वाजिब हक दिलाया। टूरिज्म पॉलिसी, IT पॉलिसी और स्पोर्ट पॉलिसी को हम लोगों ने बनाया। नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का उपमा दिया। मेरी ही नेतृत्व में सहरसा को मेडिकल कॉलेज मिला। सौ बच्चों को हम विदेश पढ़ने भेजना चाहते थे, इस नीति पर भी काम हो रहा था। परन्तु चाचा ही पलट गए तो सारी योजनाएं रुक गयी। इस बार 5 सालों के लिए इंडिया गठबंधन को मौका दीजिये और विकास का मार्ग खोलिए। हमारी सरकार अगर बनी तो आने वाला 15 अगस्त को 1 करोड़ बेरोजगारों को सरकारी नौकरी मिलेगी। मोदी सिर्फ हिंदू, मुस्लिम और मंगलसूत्र की बात करते हैं। 2014 में कहा था 2 करोड़ रोजगार मिलेगा, अच्छे दिन आयेंगें, सबको पक्का मकान मिलेगा, 15 लाख खाते में आयेंगें और किसानों की आय दोगुनी हो जायेगी। लेकिन कुछ भी नहीं हुआ। हम बिहार को विशेष राज्य का दर्जा, विशेष पैकेज, 200 यूनिट फ्री बिजली, 500 रुपये गैस-सिलेंडर और 10 फसलों पर MSP देंगे। बस आप सभी गोल बंद रहना।