जमुई में आम सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्ष पर खूब हमलावर होते दिखे। उन्होंने बिरसा मुंडा को याद करते हुए उन्हें युगपुरुष कहा। प्रधानमंत्री को अभिवादन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जहाँ भी प्रधानमंत्री जाते हैं वहाँ के लिए वह कुछ-ना-कुछ नया ही करते हैं। आज भी इन्होंने यहाँ आकर हम सभी को उपहार दिया है। मैं आपको कहना चाहता हूँ बीच में हम ही में से कुछ लोग गलती कर दिये थे, जिस कारण बीच में हमलोग अलग हो गए थे। लेकिन अब आप सभी को पूर्ण रूप से कहना चाहता हूँ; अब सदैव हमलोग इनके साथ रहेंगे। हमारा साथ आज का नहीं है, 1995 से हम एक साथ हैं। अटल के साथ हम लोगों ने काम किया, बीच में बेमतलब का कुछ से कुछ हो गया था। अब सदैव आपके साथ हैं।
RJD की प्रतिक्रिया :
मुख्यमंत्री के इस अभिभाषण पर RJD प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि नीतीश जी को यह बार-बार कहना ही क्यों पर रहा है कि अब आपके ही साथ रहेंगे? अब तो प्रधानमंत्री भी संकोच में होंगे। मुख्यमंत्री प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हैं लेकिन आज प्रधानमंत्री जी के चरणों में लगातार जा-जा कर झुक कर अपनी और बिहार की प्रतिष्ठा दांव पर लगा रहे हैं।
JD(U) का पलटवार :
इस मुद्दे पर JD(U) प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि JD(U) और BJP का रिश्ता बेहद पौराणिक है, हमलोगों का साथ आज से नहीं वर्षों से है। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री की इस बॉउंडिंग को देख राजद भ्रमित है। राजद को पेट में दर्द है। वह अपना इतिहास उल्टा कर देखे पता चल जायेगा की विकास किसे कहते हैं।

Author: Neutral Journalism



